इनकम टैक्स स्लैब रेट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जुलाई के तीसरे हफ्ते में लगातार सातवां बजट पेश करेंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल का यह पहला बजट है।

यूनियन बजट 2024
लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी को बहुमत नहीं मिलने के बाद अटकलें तेज हैं कि क्या वित्त मंत्री अपने बजट में करदाताओं को टैक्स राहत देंगे. वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बजट पूर्व बैठक में भाग लेने वाले उद्योग प्रतिनिधियों ने 30 प्रतिशत आयकर दर स्लैब में आने वाले करदाताओं के लिए अधिकतम राहत की मांग की है।

राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा द्वारा आयोजित प्री-बजट बैठक में बिजनेस चैंबर सीआईआई के अध्यक्ष संजीव पुरी ने 20 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वालों के लिए कर दरों में राहत की मांग की है। इस कैटेगरी में आने वाले लोग फिलहाल 30 फीसदी स्लैब में आते हैं.

पुरानी आयकर प्रणाली के तहत सालाना 10 लाख से अधिक आय वाले लोगों को 30 प्रतिशत आयकर देना पड़ता है, जबकि नई आयकर प्रणाली के तहत 15 लाख से अधिक आय वाले लोगों को 30 प्रतिशत आयकर देना पड़ता है।

पीएचडी चैंबर (पीएचडीसीसीआई) प्रत्यक्ष कर समिति के अध्यक्ष मुकुल बागला ने राजस्व सचिव को सुझाव दिया है कि 40 लाख रुपये से अधिक आय वाले लोगों को 30 प्रतिशत कर दर स्लैब के तहत लाया जाना चाहिए ताकि मध्यम वर्ग को कर के बोझ से राहत मिल सके। उन्होंने 40 लाख रुपये से कम आय वालों को 20 से 25 फीसदी टैक्स स्लैब में लाने की मांग की है.

दरअसल, पुरानी टैक्स व्यवस्था के तहत वित्त वर्ष 2012-13 से 10 लाख रुपये से ज्यादा कमाई वाले लोगों को 30 फीसदी टैक्स स्लैब में शामिल किया गया है. 11 वित्तीय वर्ष पूरे होने के बावजूद 30 फीसदी टैक्स दर के लिए 10 लाख रुपये की आय सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है. नई कर व्यवस्था में केवल 15 लाख से अधिक आय वालों पर 30 प्रतिशत कर लगाया जाता है, लेकिन करदाता इस व्यवस्था में कर कटौती का लाभ नहीं उठा सकते हैं।
Read More: बजाज फाइनेंस ने किया ट्रिपल सरप्राइज: बोनस, स्टॉक स्प्लिट और डिविडेंड का ऐलान, शेयर 5% टूटा"
Share



