
India's Got Latent Controversy : पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया अपने विवादित बयान के चलते गंभीर मुश्किलों में घिर गए हैं। शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में की गई अश्लील टिप्पणी के कारण उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है, साथ ही असम और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
इस बीच, मुंबई और असम पुलिस की टीमें शुक्रवार को रणवीर के घर पहुंचीं, लेकिन उन्हें वर्सोवा स्थित फ्लैट बंद मिला। पुलिस अब रणवीर के वकील के जरिए उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
गिरफ्तारी के डर से लापता रणवीर, पुलिस कर रही तलाश
रणवीर इलाहाबादिया की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। असम और महाराष्ट्र पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया है और गिरफ्तारी से बचने के लिए रणवीर अंडरग्राउंड हो गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि पुलिस समन जारी करने के बावजूद उन्होंने अब तक खार पुलिस स्टेशन में हाजिरी नहीं दी। इसके अलावा, उनका फोन भी स्विच ऑफ है, जिससे उनकी लोकेशन ट्रैक करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने अब रणवीर के वकील से संपर्क किया है, ताकि उनकी स्थिति का पता लगाया जा सके।
रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई?
मुंबई पुलिस ने रणवीर को बयान दर्ज कराने के लिए दूसरा समन भी भेजा, लेकिन इसके बावजूद वे पेश नहीं हुए।
रणवीर पर शो में अभद्र भाषा के इस्तेमाल सहित कई गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अगर वह जल्द ही बयान दर्ज नहीं कराते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।