img

Indias Got Latent : कॉमेडी शो इंडियाज गॉट लेटेंट में पैरेंट्स पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद रणवीर इलाहाबादिया समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। हालांकि, इस बीच रणवीर को दो समन भेजे जाने के बावजूद उनकी कोई खबर नहीं मिल रही थी। उनका फोन स्विच ऑफ था और वे अपने घर से बाहर थे।

रणवीर इलाहाबादिया ने सोशल मीडिया पर दी सफाई

गायब होने की अटकलों के बीच रणवीर इलाहाबादिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि वे कहीं भाग नहीं रहे हैं और पूरी तरह से पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं।

रणवीर ने लिखा, "मैं और मेरी टीम पुलिस व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं। मैं उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करूंगा और सभी जांच एजेंसियों की मदद करूंगा।"

इसके साथ ही, उन्होंने पैरेंट्स पर अपनी टिप्पणी को लेकर खेद भी जताया। उन्होंने लिखा, "पैरेंट्स को लेकर मेरी टिप्पणी असंवेदनशील और अनुचित थी। यह मेरी नैतिक जिम्मेदारी है कि मैं अपनी गलती को स्वीकार करूं। मैं इसके लिए गहरी माफी मांगता हूं।"

मिल रही हैं जान से मारने की धमकियां

रणवीर ने अपनी पोस्ट में यह भी खुलासा किया कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने लिखा, "मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने और नुकसान पहुंचाने की धमकियां मिल रही हैं। कुछ लोग मेरी मां के क्लीनिक में पेशेंट बनकर घुसे थे, जिससे मैं काफी डरा हुआ हूं और समझ नहीं पा रहा हूं कि क्या करूं।"

इसके बावजूद उन्होंने जोर देकर कहा कि वे भाग नहीं रहे हैं और उन्हें भारतीय न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।

क्या है पूरा मामला?

शो इंडियाज गॉट लेटेंट में रणवीर इलाहाबादिया बतौर जज शामिल हुए थे, जहां उन्होंने एक कंटेस्टेंट से पैरेंट्स की इंटीमेसी को लेकर आपत्तिजनक सवाल पूछा था। इस टिप्पणी के बाद मामला तूल पकड़ गया और रणवीर, शो के होस्ट समय रैना और अन्य जज अपूर्वा मखीजा समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ कर चुकी है।


Read More: बाबा वेंगा की भविष्यवाणियां फिर बनीं चर्चा का विषय: 2025 में तबाही, 2043 तक इस्लामिक शासन का दावा"