
गर्मी के मौसम में तापमान बढ़ने के साथ ही बैक्टीरिया और कीटाणुओं की सक्रियता भी कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में बचे हुए भोजन को फ्रिज में सही तरीके से न रखना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। लापरवाही से स्टोर किया गया खाना गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।
भोजन को स्टोर करने से पहले ठंडा करें
गर्म खाना सीधे फ्रिज में रखने से बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है। जब भी भोजन बच जाए, तो उसे पहले कमरे के तापमान तक ठंडा होने दें और तभी फ्रिज में स्टोर करें।
गर्मियों में बैक्टीरिया का खतरा ज्यादा
40 से 45 डिग्री तापमान में बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं। अगर खाना सही तापमान पर नहीं रखा गया, तो वह कुछ ही घंटों में खराब हो सकता है और इसे खाने से फूड पॉइजनिंग, उल्टी, दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
खासतौर पर चावल में बैक्टीरिया का खतरा
बचे हुए चावल में बैसिलस सेरेस जैसे खतरनाक बैक्टीरिया पनप सकते हैं, खासकर अगर उन्हें बिना ठंडा किए फ्रिज में रखा जाए। यह बैक्टीरिया पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
फ्रिज का तापमान सही रखें
रेफ्रिजरेटर का तापमान हमेशा 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होना चाहिए। इससे बैक्टीरिया की वृद्धि रोकी जा सकती है। दाल, सब्जी और करी जैसे व्यंजन जल्दी खराब हो सकते हैं, इसलिए इन्हें जल्द से जल्द खा लेना बेहतर होता है।
क्या न खाएं: बचा हुआ या बदला हुआ खाना
अगर खाना दो घंटे से ज्यादा समय तक कमरे के तापमान पर रखा गया है, तो उसे दोबारा फ्रिज में न रखें।
खाने की गंध या रंग में बदलाव नजर आए, तो उसे तुरंत फेंक दें।
स्वाद में फर्क महसूस हो, तो उसे खाने से बचें।
Read More: गर्मी में अंडा खाना सही है या गलत? जानिए सच्चाई एक्सपर्ट्स की जुबानी