
Burj Khalifa: दुबई की पहचान बन चुकी बुर्ज खलीफा न सिर्फ अपनी ऊंचाई के लिए मशहूर है, बल्कि इसकी आलीशान बनावट और भव्यता भी लोगों को आकर्षित करती है। यह दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है, जिसकी 163 मंजिलें हर साल लाखों पर्यटकों को खींच लाती हैं। मगर क्या आप जानते हैं कि इस गगनचुंबी इमारत में रहना हर किसी के बस की बात नहीं है? यहां सिर्फ एक बेडरूम वाले अपार्टमेंट का सालाना किराया 1.5 लाख से 1.8 लाख दिरहम तक होता है, यानी भारतीय मुद्रा में करीब 42 लाख रुपये से भी ज्यादा।
बुर्ज खलीफा में सबसे बड़े निजी मालिक – एक भारतीय
इस भव्य इमारत में करीब 900 अपार्टमेंट हैं, जिनमें से 150 अपार्टमेंट भारतीय नागरिकों के पास हैं। पर इन सबमें सबसे खास नाम है जॉर्ज वी नेरेम्पारम्बिल का, जो अकेले ही बुर्ज खलीफा में 22 अपार्टमेंट के मालिक हैं। उन्हें अक्सर मीडिया में 'बुर्ज खलीफा का राजा' कहा जाता है। वे इस इमारत में सबसे बड़े निजी संपत्ति मालिक हैं। जॉर्ज की कहानी सिर्फ पैसे और संपत्ति की नहीं है, बल्कि मेहनत, जिद और सपनों को पूरा करने की प्रेरणादायक मिसाल है।
साधारण शुरुआत, असाधारण सफलता
केरल के एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे जॉर्ज ने बचपन से ही अपने पिता का हाथ बंटाना शुरू कर दिया था। महज 11 साल की उम्र में उन्होंने परिवार की मदद के लिए काम करना शुरू किया। जॉर्ज शुरू से ही कुछ अलग करने का सपना देखते थे। उन्होंने पुराने कपास के बीजों से गोंद निकालकर पैसे कमाने का तरीका ढूंढ निकाला। 1976 में जब उन्हें लगा कि वह अपने सपनों को भारत में सीमित नहीं रख सकते, तो वे बेहतर भविष्य की तलाश में संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह शहर चले गए।
शुरुआत एक मैकेनिक के तौर पर
शारजाह में जॉर्ज ने अपनी यात्रा एक साधारण मैकेनिक के रूप में शुरू की। लेकिन उन्होंने जल्दी ही महसूस किया कि इस रेगिस्तानी देश में गर्मी से राहत पाने के लिए एयर कंडीशनिंग की भारी मांग है। यहीं से उन्हें अपना पहला बड़ा बिजनेस आइडिया मिला। उन्होंने एयर कंडीशनिंग सिस्टम की मरम्मत और इंस्टॉलेशन का छोटा सा कारोबार शुरू किया। उनकी मेहनत और दूरदर्शिता ने इस छोटे से काम को एक बड़े कारोबार में बदल दिया, जिसे आज पूरी दुनिया "GEO ग्रुप ऑफ कंपनीज़" के नाम से जानती है। आज जॉर्ज दुबई के सबसे सफल और प्रभावशाली व्यवसायियों में गिने जाते हैं।
एक अपमान बना प्रेरणा का स्रोत
जॉर्ज द्वारा बुर्ज खलीफा में अपार्टमेंट खरीदने के पीछे भी एक दिलचस्प और प्रेरणादायक किस्सा है। एक बार उनके किसी रिश्तेदार ने मजाक में कह दिया था कि वह बुर्ज खलीफा के पास भी नहीं फटक सकते। ये शब्द जॉर्ज के मन को चुभ गए और उन्होंने ठान लिया कि एक दिन वह इस इमारत के मालिक बनकर दिखाएंगे। 2010 में उन्होंने इस इमारत में एक अपार्टमेंट किराए पर लिया। लेकिन उनका सपना यहीं नहीं रुका। धीरे-धीरे उन्होंने एक के बाद एक अपार्टमेंट खरीदना शुरू किया और आज उनके पास इस विश्व प्रसिद्ध टॉवर में 22 लग्जरी अपार्टमेंट हैं।
शाही अंदाज में सजाए अपार्टमेंट
जॉर्ज के ये अपार्टमेंट भी साधारण नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इनके अपार्टमेंट की दीवारें, छत और फर्श तक सोने की परत चढ़ी सजावट से सजे हैं। ये अपार्टमेंट्स ना सिर्फ दिखने में शाही हैं, बल्कि हर तरह की अत्याधुनिक सुविधा से लैस हैं। इस शानदार संपत्ति के मालिक की कुल संपत्ति आज 4,800 करोड़ रुपये से भी अधिक आँकी जाती है।